




रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
मानसून सीजन को दृष्टिगत रखते हुए संभावित आपदा एवं जलभराव की समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय टनकपुर में जनमिलन कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम प्रधानों की समस्याओं को संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनमिलन कार्यक्रम में टनकपुर-बनबसा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों ने जलभराव, नालियों के अवरुद्ध होने, सिंचाई, सड़क, चेकडैम, वायरक्रेट एवं अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक समस्या पर विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान मनिहारगोठ द्वारा क्षेत्र में जल निकासी की समस्या पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग एवं खंड विकास अधिकारी को तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को समस्त कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति किसी भी हालत में उत्पन्न नहीं होनी चाहिए और सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से तैयारी सुनिश्चित की जाए।
ग्राम प्रधान उचौलीगोठ द्वारा ह्यूम पाइप की मांग रखे जाने पर जिलाधिकारी ने सिचाई विभाग सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के दौरान मार्ग एवं जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो।
मनिहारगोठ एवं ज्ञानखेड़ा क्षेत्र में नालियों और पुलियों के अवरुद्ध होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जेसीबी मशीन भेजकर सफाई कार्य कराने एवं अवरुद्ध मार्गों को शीघ्र खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी नालियों, पुलियों एवं जल निकासी मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
प्रधान डांडा मल्ला द्वारा ग्रामीण युवाओं के लिए ओपन जिम स्थापित किए जाने की मांग पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी को प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रधान नौलापानी द्वारा चेकडैम निर्माण की मांग रखे जाने पर जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी को सारा योजना के अंतर्गत प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
प्रधान पचपकरिया द्वारा लगभग 800 मीटर मार्ग में जलभराव की समस्या से अवगत कराने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को आवश्यक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
थपलियालखेड़ा क्षेत्र में वायरक्रेट लगाए जाने की मांग पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को प्राथमिकता के आधार पर वायरक्रेट लगाने एवं सुरक्षा कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित कटाव एवं आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में मानसून से पूर्व सभी संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षात्मक एवं राहत कार्य समय से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि क्षेत्र में जहां-जहां जलभराव, नालियों के अवरुद्ध होने, कटाव अथवा सड़क क्षति की संभावनाएं हैं, वहां तत्काल प्रभाव से कार्य प्रारंभ कर दिए जाएं ताकि बरसात के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, सहायक अभियंता सिंचाई मनोज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
