
रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन एवं जनहितकारी निर्देशों तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में जनपद में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं यात्री हितैषी बनाने के उद्देश्य से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), टनकपुर मनोज बगोरिया द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान टैक्सी एवं मैक्सी कैब वाहनों में निर्धारित किराया सूची चस्पा होने की स्थिति, यात्रियों से निर्धारित किराये की वसूली तथा चालक एवं परिचालकों के व्यवहार का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
एआरटीओ ने स्वयं विभिन्न वाहनों में यात्रा कर रहे यात्रियों से संवाद स्थापित करते हुए किराये, यात्रा व्यवस्था एवं वाहन संचालकों के व्यवहार के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान जिन वाहनों में किराया सूची प्रदर्शित नहीं पाई गई अथवा अन्य परिवहन नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित किराया सूची वाहन में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें तथा यात्रियों के साथ शिष्ट, विनम्र एवं सद्भावपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करें।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री बगोरिया ने स्पष्ट किया कि परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित किराये से अधिक वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यात्रियों से भी अपील की कि यदि किसी वाहन द्वारा निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूला जाता है अथवा यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या शिकायत उत्पन्न होती है, तो इसकी सूचना तत्काल परिवहन विभाग अथवा पुलिस विभाग को दें।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने कहा कि जनपद में संचालित सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में पारदर्शिता, अनुशासन एवं यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित रूप से निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे आमजन को सुरक्षित, सुगम एवं निर्धारित दरों पर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अभियान में परिवहन उपनिरीक्षक श्री आनंद सिंह बिष्ट एवं परिवहन आरक्षी श्रीमती सोनिया नेगी सहित अन्य उपस्थित रहे।
