29 Views
Gurmeet singh chandhok
नैनीताल – भवाली-सेनिटोरियम मोटर मार्ग पर गुरुवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लगभग दो बजे एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार छह लोगों में से पांच की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय लोग और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। खाई की गहराई अधिक होने के कारण राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि शवों को खाई से बाहर निकाला जा रहा है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
