Gurmeet singh chandhok
हल्द्वानी – नैनीताल एसओजी और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वर्ष 2026 की अब तक की उत्तराखंड पुलिस की सबसे बड़ी ड्रग्स रिकवरी सामने आई है। पुलिस ने अंतरराज्यीय/अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े स्मैक तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 600 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2 करोड़ से अधिक बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही गोपनीय निगरानी और पुख्ता इनपुट के आधार पर की गई। संयुक्त टीम ने सुनियोजित तरीके से छापेमारी कर तस्करों को दबोचा। बरामद स्मैक की मात्रा और नेटवर्क की व्यापकता को देखते हुए इसे राज्य की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार तस्कर अंतरराज्यीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब नेटवर्क की अन्य कड़ियों को जोड़ने और सप्लाई चेन का खुलासा करने में जुटी है।इस बड़ी सफलता से नैनीताल जनपद में संगठित मादक पदार्थ तस्करी पर करारा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, डॉ. मंजूनाथ टी.सी. शीघ्र ही प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करेंगे। बरामदगी और गिरफ्तारी से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी प्रेस ब्रीफिंग में साझा की जाएगी।
