
उत्तराखंड में पहली बार ऐसा हत्याकांड हुआ है जिसके बारे में सुनकर पूरा पहाड़ कांप गया। अल्मोड़ा के रानीखेत में स्कूटी में खरोंच आने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते 19 साल के एक युवक की हत्या में बदल गया। एक ऐसा हत्याकांड, जिसने पूरे पहाड़ को हिलाकर रख दिया।
उत्तराखंड में खूनी वारदात!
जिस पहाड़ में लोग किसी की भी खता मुस्कुराकर माफ कर देते हैं। वहां एक स्कूटी की खरोंच का बदला इंसान का गला रेतकर लिया जा रहा है। ये मामला है रानीखेत के कुंवाली इलाके का है। जहां सागर सिंह बिष्ट नाम के एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
आर्मी की तैयारी कर रहे युवक की गला रेतकर हत्या
बीच बचाव करने आई उसकी बुआ और दादी पर भी हत्यारोपी ने बड़ी बरबरता से हमला किया। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सागर बिष्ट सेना में भर्ती की तैयार कर रहा था। जिसके चलते वो रोज की तरह दौड़ लगाकर घर लौटा। इसी बीच आरोपी जगत सिंह बोरा मोबाइल फोन ठीक कराने के बहाने सागर के घर पहुंच गया।

चाकू और हथौड़े से ताबडतोड़ किया वार
जैसे ही सागर फोन देखने लगा तो आरोपी जगत सिंह बोरा ने पीछे से अचानक उस पर चाकू और हथौड़े से ताबडतोड़ वार करना शुरु कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स का कहना है कि चीख पुकार सुनकर जब सागर की बुआ का बेटा नीरज ऊपर पहुंचा तो उसने जगत बोरा को हाथ में चाकू लेकर घर से भागते हुए देखा।
कमरे के अंदर सागर खून से लथपथ पड़ा था। उसका गला रेता जा चुका था। सागर के सीने पर गहरे जख्म भी थे। वहीं पास में सागर की दादी शोभा देवी और बुआ जानकी देवी भी गंभीर रूप से घायल हालत में तड़प रही थी। दोनों को आनन-फानन में रानीखेत अस्पताल ले जाया गया। जहां से नाजुक हालत में दादी को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
दो महीने पहले का विवाद बना मौत की वजह
इस बर्बरता ने पूरे रानीखेत को हिला कर रख दिया। मीडिया रिपोर्टस का कहना है कि सागर की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गई थी क्योंकि एक शादी समारोह में स्कूटी पर एक मामूली सी खरोंच के चलते उसका और जगत बोरा का विवाद हो गया।जिसके बाद जगत बोरा ने सागर बिष्ट की हत्या करने की ठान ली थी। हालांकि पुलिस ने इस मामले में आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी उठे सवाल
इस बीच इस घटना ने स्थानीय लोगों में भी भारी नाराजगी पैदा कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्रामीणों ने प्रधान और प्रधान प्रतिनिधि पर गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। वहीं सोशल मीडिया में एक वीडियो वायल हो रहा है जहां कथित तौर पर कहा जा रहा है कि सागर बिष्ट के पोस्टमार्टम के बाद जब शव को एंबुलेंस से ले जाया जा रहा था तो वो स्टार्ट ही नहीं हुई। जिसके बाद लोग सोशल मीडिया में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाने लगे। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। जांच आगे बढ़ रही है और पूरा रानीखेत इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है
