Gurmeet singh chandhok

उत्तराखण्ड वन विकास निगम के सेवारत और सेवानिवृत्त कार्मिकों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर गुरुवार को निगम मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उत्तराखण्ड वन विकास निगम कर्मचारी संघ के बैनर तले आयोजित इस आंदोलन में राज्य के विभिन्न हिस्सों से सैकड़ों कर्मचारियों ने शिरकत कर निगम प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
आर्थिक तंगी के कारण 90 से 100 सेवानिवृत्त कार्मिकों की अकाल मौत
धरना स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2018 से अब तक सेवानिवृत्त हुए कार्मिकों के देयकों का भुगतान अब तक लंबित है। संघ ने आरोप लगाया कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय, सर्वोच्च न्यायालय और नैनीताल उच्च न्यायालय द्वारा कर्मचारियों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए बिना कटौती तत्काल भुगतान के आदेश दिए जाने के बावजूद अधिकारी न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं। देयकों के इंतजार में मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक तंगी के कारण अब तक लगभग 90 से 100 सेवानिवृत्त कार्मिक असमय काल के गाल में समा चुके हैं, जबकि सैकड़ों कार्मिक अवसादग्रस्त हैं।
स्केलर संवर्ग की उपेक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया
कर्मचारी संघ ने स्केलर संवर्ग की उपेक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। पदाधिकारियों ने बताया कि स्केलर संवर्ग का मूल ग्रेड वेतन 2000 रुपये किए जाने और पदोन्नति में शिथिलीकरण का आदेश जारी होने के बाद भी उन्हें लाभ से वंचित रखा गया है। निगम में 800 स्वीकृत पदों के सापेक्ष मात्र 300 स्केलर कार्यरत हैं, जिससे एक-एक कर्मचारी पर तीन-तीन लोगों के काम का बोझ है। इसके अलावा, लंबे समय से कार्यरत लगभग 600 आउटसोर्स (बाह्य सेवा) कार्मिकों को सामाजिक सुरक्षा देने और रिक्त पदों पर नियमित करने की मांग भी की गई। साथ ही, विगत वर्षों के वित्तीय घोटालों की जांच के लिए गठित एसआईटी (SIT) की रिपोर्ट सार्वजनिक कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा खनन व लॉगिंग कार्यों में हो रही अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग दोहराई गई।
आंदोलन के बीच निगम की प्रबंध निदेशक ने यूनियन प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया, लेकिन लगभग डेढ़ घंटे तक चली बातचीत के बाद भी कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका। वार्ता विफल रहने के बाद धरना स्थल पर मौजूद सभी कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया।प्रदर्शन में बागेश्वर, टनकपुर, हल्द्वानी, रामनगर, उत्तरकाशी, कर्णप्रयाग, पौड़ी और कोटद्वार सहित प्रदेश भर से आए कार्मिक शामिल हुए। सभा को प्रांतीय अध्यक्ष टी.एस. बिष्ट, महामंत्री गोविंद सिंह मेहरा, कुमाऊं क्षेत्र अध्यक्ष मोहन सिंह मेहरा, गढ़वाल क्षेत्र अध्यक्ष बृजमोहन कन्याल, प्रवक्ता सतीश चंद्र शर्मा, संरक्षक बी.एस. रावत, राजेंद्र राणा, सुनील नेगी, शेखर चंद्र जोशी और गोविंद सिंह बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया
