Gurmeet singh chandhok

उत्तराखंड का पांडवाज बैंड (Pandavaas Band payment) को आखिरकार उनका बकाया भुगतान मिल गया है। कई सालों से लंबित उनकी पेमेंट ओपन लेटर के बाद मात्र छह दिनों के अंदर मिल गई है। मालूम हो कि उत्तराखंड में हुए 38वें नेशनल गेम्स में बैंड ने थीम सॉन्ग “हल्ला धूम धड़क्का” तैयार किया। साथ ही मशाल यात्रा समेत कई कार्यक्रमों में परफॉर्म भी किया। लेकिन उनके इस काम के लिए उनका महीनों से 18 लाख रुपए की पेमेंट अटकी हुई थी। लेकिन अब पेमेंट मिलने के बाद उन्होंने सीएम धामी समेत सभी का आभार व्यक्त किया है।
6 दिन में मिला पांडवाज का बकाया भुगतान
पांडवास बैंड (Pandavaas) की पेमेंट मिलने पर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट एक शेयर किया। जिसमें उन्होंने सीएम धामी का आभार जताया। उन्होंने लिखा, मुख्यमंत्री का हृदय से आभार, जिन्होंने हमारे ओपन लेटर के माध्यम से हमारी समस्या को संज्ञान में लिया और लम्बित भुगतान के समाधान हेतु सम्बन्धित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। उनके हस्तक्षेप के उपरान्त हमारे सभी बकाया भुगतान मात्र छह दिनों के भीतर प्राप्त हो गए।”

सीएम धामी का जताया आभार
आगे उन्होंने लिखा, “उन सभी क्रिएटर्स, पत्रकारों, एक्टिविस्ट्स और शुभचिन्तकों के भी आभारी हैं, जिन्होंने बिना किसी आग्रह के हमारे ओपन लेटर को गम्भीरता से लिया और उसे अपने-अपने माध्यमों से आगे पहुंचाया। आपके इस स्वतःस्फूर्त सहयोग ने हमारी बात को व्यापक स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हम आशा करते हैं कि आप और हम इसी प्रकार जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज़ बुलन्द करते रहेंगे। उत्तराखण्ड की कला, संस्कृति और अपनी मातृभूमि के लिए हम आगे भी पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे। आप सभी का हृदय से धन्यवाद।”
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल दिसंबर 2024 और जनवरी 2025 में 38वें नेशनल गेम्स में पांडवाज बैंड ने परफॉर्म किया था। हालांकि करीब 20 महीने का वक्त हो गया था। उसके बाद भी उनका पैसा अटका हुआ था। अपने 18 लाख रुपये के भुगतान के लिए पांडवाज ने ओपन लेटर के माध्यम से सीधे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की गुहार लगाई थी।
