
उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने काशीपुर से एक आरोपी को दबोचा है। आरोपी ने एक ही फर्जी लाइसेंस नंबर के आधार पर दो अलग-अलग कूटरचित लाइसेंस तैयार कराकर दो हथियार खरीदे थे। ऑपरेशन प्रहार के तरत 13वें आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एक ही फर्जी लाइसेंस नंबर पर खरीदे गए दो हथियार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर अवैध हथियारों व फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के विरुद्ध एसटीएफ लगातार बड़ी कार्रवाई कर ही है। इसी बीच एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस नेटवर्क की जांच में एक बड़ा खुलासा किया है। जिसकी गंभीरता और व्यापकता ने पूरे प्रकरण को राष्ट्रीय स्तर की जांच का विषय बना दिया है।
काशीपुर से आरोपी गिरफ्तार
दरअसल काशीपुर में एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस प्रकरण में एक और अभियुक्त अवैध हथियार, कारतूस व फर्जी लाइसेंस समेत गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पलविंदर सिंह (46) पुत्र स्व. धर्म सिंह निवासी ग्राम कचनालगाजी, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।
अब तक 13 गिरफ्तारी
ऑपरेशन प्रहार के तहत अब तक 13 की गिरफ्तारी हो चुकी है। तो वहीं 19 अवैध शस्त्र, 358 कारतूस और बड़ी संख्या में फर्जी और संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद की गई है।
हथियार और कारतूस बरामद
- 1 सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल (.30 बोर)
- 4 जिंदा कारतूस (.30 बोर)
- 1 राइफल (.315 बोर)
- 4 जिंदा कारतूस (.315 बोर)
