





सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, आचार संहिता उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई:जिलाधिकारी
लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने हेतु जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान की अपील की
रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में पाटी नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार ने सोमवार को मतदान केंद्रों एवं निर्वाचन व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, निर्वाचन सामग्री तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कल सुबह से (09 जून 2026 ) मतदान प्रक्रिया शुरू प्रातः 08 बजे शुरू हो जाएगी, जबकि 11 जून को मतगणना होगी।
पाटी नगर निकाय चुनाव के लिए कुल चार मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जिनमें ब्लॉक परिसर पाटी, प्राथमिक विद्यालय जौलाड़ी, राजकीय इंटर कॉलेज पाटी एवं प्राथमिक विद्यालय पूनाकोट शामिल हैं।
जिलाधिकारी द्वारा सभी मतदान केंद्रों का गहन निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने तथा शांतिपूर्ण वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
इस दौरान उप जिलाधिकारी पाटी नीतू डांगर, परियोजना निदेशक/ रिटर्निंग ऑफिसर अध्यक्ष पद अजय सिंह, जिला विकास अधिकारी/रिटर्निंग ऑफिसर सदस्य पद दिनेश सिंह दिगारी, जीवन कॉलोनी, पीसी उपाध्याय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
