Gurmeet singh chandhok
हल्द्वानी – शहर में बीती देर रात एक दर्दनाक हादसे में अमेज़ॉन के गोदाम में लगी भीषण आग ने दो कर्मचारियों की जान ले ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब 11:50 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि शीतल होटल के सामने स्थित अमेज़ॉन के गोदाम में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही थाना हल्द्वानी पुलिस, अग्निशमन विभाग की टीम तथा प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।
मौके पर गोदाम में भीषण आग धधक रही थी। पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी और पुलिस अधीक्षक (नगर) भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
आग बुझाने के बाद गोदाम के भीतर कार्यरत दो कर्मचारियों के गंभीर रूप से झुलसे होने तथा धुएं के कारण दम घुटने से उनकी मौत होने की पुष्टि हुई। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेंद्र प्रसाद पुत्र सदी राम निवासी बागजाला, गोलापार तथा 25 वर्षीय अमित आर्य पुत्र प्रताप राम निवासी पंचायत घर के पास, रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य है, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है
