Gurmeet singh chandhok

उत्तराखंड हाईकोर्ट नैनीताल से लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी को बड़ी कानूनी राहत मिली है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उनके निर्वाचन को चुनौती देने वाली चुनाव याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। इस फैसले के साथ ही 54-लोहाघाट विधानसभा सीट से खुशाल सिंह अधिकारी की विधायकी बरकरार रहेगी। हाईकोर्ट के इस निर्णय को विधायक अधिकारी के लिए बड़ी कानूनी जीत माना जा रहा है।
कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी को HC से मिली बड़ी राहत
बता दें वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे पूरन सिंह फर्त्याल ने कांग्रेस प्रत्याशी खुशाल सिंह अधिकारी के निर्वाचन को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। उस चुनाव में फर्त्याल को 6,038 मतों से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत चुनाव याचिका दायर कर अधिकारी के निर्वाचन को निरस्त करने की मांग की थी। यह मामला हाईकोर्ट में Election Petition No. 3 of 2022 के रूप में दर्ज था।
समाचारपढ़ें
ये थे याचिकाकर्ता के आरोप
याचिकाकर्ता की ओर से मुख्य रूप से दो आरोप लगाए गए थे। पहला आरोप सरकारी ठेकेदारी और लाभ के पद से जुड़ा था। याचिका में दावा किया गया था कि नामांकन के समय खुशाल सिंह अधिकारी के पास राज्य सरकार के कई सरकारी कार्यों के ठेके थे, जिसके चलते वे जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 9-A के तहत चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य थे।
दूसरा आरोप नामांकन के दौरान दाखिल शपथपत्र में देरी और तथ्यों को छिपाने से संबंधित था। याचिकाकर्ता का दावा था कि अधिकारी ने 24 जनवरी 2022 को नामांकन दाखिल किया, जबकि शपथपत्र 28 जनवरी को जमा किया गया। साथ ही संपत्ति और ठेकों से संबंधित जानकारियां छिपाने का भी आरोप लगाया गया था।
28 सितंबर को ही HC ने रखा था फैसला सुरक्षित
इस मामले में 28 सितंबर 2026 को हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। इसके बाद 18 नवंबर 2026 को न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की पीठ ने अपना फैसला सुनाते हुए याचिकाकर्ता के आरोपों को स्वीकार नहीं किया और चुनाव याचिका खारिज कर दी। यह याचिका जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 80, 80-A और 84 के साथ धारा 100 के तहत दायर की गई थी। इसमें 10 मार्च 2022 को घोषित चुनाव परिणाम को चुनौती दी गई थी।
फैसले के बाद विधायक बोले– आज लग रहा है कि मैं विधायक हूं
हाईकोर्ट के फैसले के बाद विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने राहत जताते हुए कहा कि आज उन्हें महसूस हो रहा है कि वे वास्तव में विधायक हैं। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े चार साल उनका अधिकांश समय न्यायालय के चक्कर लगाने में ही बीता। इसके चलते उन्हें क्षेत्र की जनता के बीच आने-जाने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पर्याप्त समय देने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर
हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद कांग्रेस खेमे में खुशी का माहौल है। वहीं, लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में भी यह फैसला राजनीतिक और कानूनी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव परिणाम को चुनौती देने वाली याचिका खारिज होने के बाद विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की विधायकी पर छाए कानूनी संकट का अंत हो गया है।
