Gurmeet singh chandhok

देहरादून – सोशल मीडिया पर एक जमीनी विवाद के मामले में एक महिला को पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी बताए जाने पर उनकी पत्नी दीप्ति रावत ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस तरह के प्रचार को भ्रामक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें और उनके परिवार को मानसिक पीड़ा पहुंची है। दीप्ति रावत ने चेतावनी दी कि अपने सम्मान की रक्षा के लिए वह न्यायालय की शरण लेंगी।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दीप्ति रावत ने कहा कि एक व्यक्ति जमीन विवाद को लेकर आरोप लगा रहा है कि डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी ने उसकी जमीन हड़प ली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी हैं और उन्होंने किसी की जमीन पर कब्जा नहीं किया है।दीप्ति रावत ने सवाल उठाया कि यदि जमीन विवाद में आरोप किसी दूसरी महिला पर लगाए जा रहे हैं तो उसे डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी बताकर सोशल मीडिया पर प्रचारित क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला खुद को डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी बता रही है तो उसे अपने दावे के समर्थन में तथ्य सार्वजनिक करने चाहिए।उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए इस तरह की जानकारी प्रसारित करना उनके और उनके परिवार के सम्मान को प्रभावित कर रहा है। भ्रामक प्रचार और झूठे आरोपों के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करेंगी और न्यायालय में अपना पक्ष रखेंगी
