
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज उस वक्त माहौल गरमा गया, जब जौनसार क्षेत्र के 26 परिवारों के करीब 60 लोगों की भाजपा में प्रस्तावित जॉइनिंग को रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि कैबिनेट मंत्री खजान दास की नाराजगी के बाद जॉइनिंग पर रोक लगाई गई। हालांकि, पार्टी की ओर से जॉइनिंग रोके जाने की वजह प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की गैरमौजूदगी बताई गई।
जौनसार के 60 लोगों की होनी थी BJP में जॉइनिंग
दरअसल, जौनसार क्षेत्र से करीब 26 परिवारों के 60 लोगों के भाजपा में शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। वहीं बीते रविवार को कुछ बीजेपी कार्यकर्ताओं की ओर से कैबिनेट मंत्री खजान दास के आवास के बाहर धरना दिया गया था। कार्यकर्ताओं ने मंत्री पर सरकार की योजनाओं का लाभ विपक्ष से जुड़े लोगों को दिए जाने का आरोप लगाया था। उनका दावा था कि क्षेत्र में करीब 80 प्रतिशत विपक्षी नेताओं को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
मंत्री की नाराजगी के बाद रोकी चकराता के लोगों की जॉइनिंग
धरने और कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बाद मामला भाजपा प्रदेश कार्यालय तक पहुंच गया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री खजान दास भी भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां जौनसार से आने वाले लोगों की प्रस्तावित जॉइनिंग को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा हुई। मंत्री की नाराजगी के बाद जॉइनिंग फिलहाल रोक दी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष की गैरमौजूदगी बताई जा रही कार्यक्रम टालने की वजह
हालांकि, पार्टी स्तर पर इसका आधिकारिक कारण प्रदेश अध्यक्ष की गैरमौजूदगी बताया गया है। ऐसे में जॉइनिंग रुकने को लेकर पार्टी के भीतर चल रही नाराजगी और कार्यकर्ताओं के आरोपों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा संगठन की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है
