Gurmeet singh chandhok

सावन के पवित्र महीने में सुहागिनों का सबसे बड़ा और प्रिय त्योहार हरियाली तीज पूरे देश में बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। हरियाली, झूले, मेहंदी, सज-धज और भक्ति के साथ यह त्योहार महिलाओं की खुशियों का प्रतीक बन जाता है। सामाजिक संस्थाएं इस अवसर पर रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन करती हैं, जिनमें महिलाओं को विशेष रूप से आकर्षित करने वाली ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता सबसे चर्चित रहती है। लेकिन इस बार उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में लायंस क्लब ग्रीन सिटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम ने पूरी परंपरा को नया आयाम दे दिया।
उत्तराखंड में पहली बार सावन किंग का अवॉर्ड आयोजित किया गया। इस अनोखे आयोजन में देखने को मिला कि पुरुष वर्ग में भी सावन किंग बनने का उत्साह देखने लायक था। दर्जन भर से अधिक पतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम की रौनक को कई गुना बढ़ा दिया और पूरे माहौल को और भी जीवंत बना दिया। पहली बार आयोजित इस रोचक प्रतियोगिता में शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी अनुज कांत अग्रवाल ने सावन किंग का खिताब अपने नाम किया।
अनुज कांत अग्रवाल ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिता पुरुष वर्ग में भी आयोजित करने से पुरुष वर्ग में भी उत्साह बढ़ेगा। उनकी इस बात ने कार्यक्रम को और अधिक अर्थपूर्ण बना दिया।
शहरवासी, व्यापारी वर्ग और समाज के लोग अब अनुज कांत को बधाई देने के साथ-साथ हल्के-फुल्के मजाकिया अंदाज में चावलबाजी भी कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि तीज अब सिर्फ सुहागिनों तक सीमित नहीं रही, बल्कि पति-पत्नी दोनों की साझी खुशी का त्योहार बन गया है।
यह कार्यक्रम हल्द्वानी मसाले के तत्वावधान में लायंस क्लब ग्रीन सिटी द्वारा करवाया जाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. प्रमोद अग्रवाल और अनीता अग्रवाल ने की। आयोजन में लकी ड्रा, विभिन्न खेल-कूद और दर्जनों प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। जूनियर वर्ग की गिलास-कुर्सी दौड़ में अक्षत अग्रवाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। तीस से अधिक प्रतिभागियों वाली तीज क्वीन प्रतियोगिता में अनीता अग्रवाल और इला गुप्ता संयुक्त रूप से विजेता घोषित हुईं।
फिर भी पूरे कार्यक्रम की चर्चा का केंद्रबिंदु सावन किंग बने अनुज कांत अग्रवाल ही रहे। उनकी जीत ने न सिर्फ कार्यक्रम को यादगार बना दिया, बल्कि हल्द्वानी के सामाजिक आयोजनों में एक नई परंपरा की शुरुआत भी कर दी। शहर के लोग इस अनोखे प्रयोग की सराहना कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि आने वाले वर्षों में भी सावन किंग प्रतियोगिता जारी रहेगी।
