Gurmeet singh chandhok
हल्द्वानी, 17 जुलाई। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल शुक्रवार दोपहर 3:00 बजे हल्द्वानी उप जिला कारागार का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण का उद्देश्य महिला बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं तथा उनके मानवाधिकारों की स्थिति का आकलन करना है।
निरीक्षण के दौरान महिला आयोग की अध्यक्ष कारागार में महिला बंदियों के रहने की व्यवस्था, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी। आयोग का प्रयास है कि महिला बंदियों को उनके अधिकारों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध हों और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उसका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
कारागार निरीक्षण के बाद कुसुम कंडवाल मीडिया से भी बातचीत करेंगी। इस दौरान वह 18 जुलाई को हल्द्वानी में आयोजित होने वाली एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला की जानकारी साझा करेंगी। इस कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर के कर्मियों, महिला हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के प्रतिनिधियों को महिला सुरक्षा, सहायता सेवाओं और समन्वय से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
