Gurmeet singh chandhok
रुद्रपुर। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन एसपी सिटी डॉ उत्तम सिंह नेगी, सीओ सिटी विभव सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ट्रांजिट कैंप धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम, अपराधियों की धरपकड़ एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए निरंतर सघन अभियान चलाया जा रहा है।इसी अभियान के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की बाईक बरामद की।
पुलिस के मुताबिक 4 जून 26 को उत्तराखंड पुलिस मोबाइल एप के माध्यम से पीड़ित अंकुश प्रजापति निवासी जगतपुरा रुद्रपुर ने ऑनलाइन ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 2 जून 2026 की रात्रि लगभग 10:30 बजे उसने बाईक संख्या यूके 06 एल 9237 अपने घर के बाहर खड़ी की थी। अगले दिन तड़के लगभग 1:52 बजे जब उसने वाहन देखा तो वह उक्त स्थान पर बाईक मौजूद नहीं था।
आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर तीन अज्ञात युवक बाईक को चोरी करते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने सूचना के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। पुलिस ने संदिग्धों की जानकारी एकत्रित की। पुलिस ने उक्त तीनों की तलाश शुरू की गई।आवास विकास पुलिस चौकी प्रभारी प्रकाश चन्द्र पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रहे थे। देर रात पुलिस टीम परशुराम चौक से आनन्दपुर रोड की ओर गश्त कर रही थी, तभी सड़क किनारे बिना नंबर एक स्प्लेंडर बाईक पर तीन युवक बैठे दिखाई दिए।
पुलिस ने रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया तो तीनों मौके से भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए तीनों ने अपना नाम अंश खत्री उर्फ अक्की पुत्र भानुप्रताप खत्री निवासी-शिवपुरी अम्बेडकरनगर थाना कठघर मुरादाबाद यूपी हाल निवासी-गौला गेट राजपुर हल्द्वानी नैनीताल, रजत पुत्र पप्पू सिंह निवासी-कुमाऊ कालोनी दमुवाढूंगा थाना काठगोदाम नैनीताल हाल पता किरायेदार-बद्रीपुरा आनन्दबाग कोतवाली हल्द्वानी, कमल मौर्य पुत्र मोहन लाल मौर्य निवासी-ग्राम बल्ली पोस्ट बल्ली तहसील मीरगंज थाना शीशगढ़ बरेली यूपी हाल निवासी-छड़ैल चौराहा थाना मुखानी नैनीताल बताया।उसके कब्जे से बरामद बाईक चोरी की थी। पुलिस तीनों को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में:
आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चन्द्र, अपर उपनिरीक्षक चन्द्रप्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल गिरजा शंकर शामिल रहे। कांस्टेबल हिमांशु आर्या आदि पुलिस कर्मी शामिल रहे।
