
खेल मंत्री रेखा आर्या पर आंगनबाड़ी केंद्रों में घटिया सेनेटरी पैड बांटे जाने का आरोप लग रहा है। जन संघर्ष मोर्चा ने सेनेटरी नैपकिन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए मंत्री पर आरोप लगाए है। इस मामले को कमीशनखोरी से जोड़ते हुए मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है।
आंगनबाड़ी केंद्रों में घटिया सेनेटरी पैड बांटने का खेल मंत्री रेखा आर्या पर आरोप
जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि मंत्री रेखा आर्य आंगनबाड़ी सेंटर्स को घटिया सेनेटरी पैड थमाकर बड़ा खेल, खेल रही है। कमीशन खोरी के इस खेल में महिलाओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। प्रदेशभर के आंगनवाड़ी सेंटर्स में महिला सशक्तिकरण व बाल विकास मंत्री रेखा आर्य द्वारा अपनी कमीशन खोरी और अपना हित साधने के चक्कर में जबरन सेनेटरी नैपकिन पैड थमाये जा रहे हैं।
आंगनवाड़ी सेंटर्स में थोपी गई सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन
सेनेटरी पैड इतने घटिया हैं कि उनका गुणवत्ता मानक का दूर-दूर तक कोई अता-पता नहीं है। ये पैड आइएससो व अन्य किस मार्क का है, इसका भी कोई उल्लेख नहीं है। भ्रष्टाचार के आयाम स्थापित कर चुकी मंत्री आर्य द्वारा अपना हित साधने के चक्कर में लगभग सभी आंगनवाड़ी सेंटर्स में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन भी थोपी गई हैं, जोकि सफेद हाथी साबित हो रही हैं।
आंगनवाड़ी वर्कर्स अपने वेतन से कर रही इनकी भरपाई
एक तरह से ये सरकारी धन को ठिकाने लगाने का खेल है। आलम ये है कि 5 पीस वाले इस ₹15 के सेनेटरी नैपकिन पैड को कोई भी महिला या किशोरी इस्तेमाल नहीं करना चाहती। नतीजा ये है की अधिकांश आंगनवाड़ी वर्कर्स को अपने वेतन से इनकी भरपाई करनी पड़ रही है।
बर्खास्त करने की मांग
सवाल ये उठता है कि आखिर इतने संवेदनशील मामले में मंत्री आर्य अपनी स्वार्थ सिद्धि के चक्कर में क्यों महिलाओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रही हैं। इन घटिया पैड से महिलाओं और किशोरियों को होने वाले संक्रमण की जिम्मेदारी कौन लेगा? मोर्चा सरकार ने मांग की है कि ऐसी भ्रष्ट मंत्री को बर्खास्त करना चाहिए
