Gurmeet singh chandhok
Ketan Agarwal Murder Case: केतन अग्रवाल हत्याकांड की मुख्य आरोपी सिया गोयल से लगातार पुलिस पूछताछ कर रही है। हालांकि, ऐसा लगता है कि सिया को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं हो रहा। दरअसल, सिया को जांच के सिलसिले में उसके घर और अन्य स्थानों पर पुलिस लेकर पहुंची। इसी दौरान काली टी-शर्ट पहने और चेहरे पर प्रिंटेड स्कार्फ लपेटे हुए सिया ने मीडिया की ओर देखा और उन्हें मिडिल फिंगर दिखाई।
सिया को लोहागढ़ किले लेकर पहुंची थी पुलिस
इससे पहले महाराष्ट्र पुलिस सिया को पुणे के उस स्थान पर ले गई, जहां उसने और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर यह साजिश रची थी कि रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले की पहाड़ी से नीचे कैसे धक्का देना है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में स्थित सिया गोयल के घर की तलाशी के दौरान वे कपड़े भी बरामद किए हैं, जिन्हें उसने 18 जून को घटना वाले दिन कथित तौर पर पहना था। सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले की पहाड़ी से केतन अग्रवाल (25) को धक्का देकर उसकी हत्या कर दी।
जांच में क्या-क्या हुए खुलासे?
केतन अग्रवाल और सिया गोयल की शादी इसी वर्ष नवंबर में होने वाली थी। कथित हत्या के बाद पुलिस ने सिया और चेतन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों तीन जुलाई तक पुलिस हिरासत में हैं। पुणे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन ने लुल्लानगर स्थित एक क्लब के पास खुले स्थान पर यह साजिश रची थी कि केतन को लोहागढ़ किले की पहाड़ी से कैसे धक्का देना है।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा शुरू हो गई. हालांकि, पुलिस की ओर से इस व्यवहार पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
