




पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न होगी स्नातक स्तरीय परीक्षा, परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू
रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित की जा रही स्नातक स्तरीय अर्हता पदों की एकल पाली में आयोजित होने वाली लिखित प्रतियोगी परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षात्मक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में संपूर्ण परीक्षा व्यवस्थाओं की लगातार सघन निगरानी की जा रही है तथा सभी संबंधित अधिकारियों को शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने हेतु कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
दिनांक 14 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक आयोजित होने वाली इस अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए जनपद अंतर्गत कुल 10 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसमें तहसील चम्पावत में 04 तथा तहसील लोहाघाट में 06 परीक्षा केंद्र शामिल हैं।
जिलाधिकारी द्वारा परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा एवं शुचिता के साथ संपन्न कराने के दिए गए निर्देशों के अनुपालन में नोडल अधिकारी/अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी एवं उप जिलाधिकारी चंपावत विपिन चंद्र पंत द्वारा चंपावत क्षेत्र के सभी 04 परीक्षा केंद्रों का सघन स्थलीय निरीक्षण किया गया।
इस क्रम में जवाहरलाल नेहरू नवोदय विद्यालय सहित विभिन्न केंद्रों का जायजा लेते हुए नोडल अधिकारी ने वहां तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ सुरक्षा तंत्र, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य अनिवार्य मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।
अपर जिलाधिकारी श्री गोस्वामी ने अवगत कराया कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों एवं जैमर की कार्यशीलता का शत-प्रतिशत परीक्षण कर लिया गया है।
इसके अतिरिक्त, मौसम की संभावित प्रतिकूल परिस्थितियों के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति बाधित होने की दशा में जनरेटर आदि के माध्यम से वैकल्पिक पावर बैकअप की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
परीक्षा की निष्पक्षता तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी चंपावत ने बताया कि तहसील चंपावत के अंतर्गत आने वाले सभी 04 परीक्षा केंद्रों के परिधि क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रारम्भ होने से पूर्व समस्त व्यवस्थाओं को अंतिम रूप से री-चेक कर लिया जाए, ताकि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके अतिरिक्त नोडल अधिकारी ने समस्त परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्रों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं तथा आयोग द्वारा निर्धारित कड़े दिशा-निर्देशों एवं अनुशासन का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा में सम्मिलित हों।
इस निरीक्षण के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह , जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल तिवारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र प्रभारी, ऑब्जर्वर मौजूद रहे।
