
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आगामी एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को पूरी तरह त्रुटिरहित, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार के कुशल निर्देशन में द्वितीय चक्र के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह प्रशिक्षण जनपद चंपावत के ब्लॉक चंपावत तथा ब्लॉक बाराकोट में आयोजित किया गया, जिसमें निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को तकनीकी व व्यावहारिक जानकारियां दी गईं।
इस विशेष प्रशिक्षण सत्र के दौरान गणना प्रपत्रों को निर्वाचकों को समय पर वितरित करने और मतदाताओं से प्राप्त भरे हुए गणना प्रपत्रों को मोबाइल ऐप के जरिए सफलतापूर्वक डिजिटाइज करने की पूरी कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया गया। साथ ही, जिन मतदाताओं से गणना प्रपत्र वापस प्राप्त नहीं हो पाए हैं, उनके प्रपत्रों को डिजिटाइज करने की विशेष प्रक्रिया को भी डिजिटल प्रस्तुतीकरण (प्रेजेंटेशन) के माध्यम से व्यावहारिक रूप से प्रदर्शित किया गया।
इसके अतिरिक्त, मैपिंग के दौरान सामने आई तकनीकी विसंगतियों और कमियों के संबंध में सक्षम प्राधिकारी द्वारा नोटिस जारी करने तथा तत्संबंधी आवश्यक साक्ष्यों को जुटाने के विषय में भी विस्तृत कानूनी व तकनीकी जानकारी साझा की गई।
यह प्रशिक्षण मुख्य रूप से चंपावत में सहायक नोडल अधिकारी/मास्टर ट्रेनर श्री जीवन चन्द्र कलौनी तथा बाराकोट में श्री पी.सी. उपाध्याय द्वारा प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संपन्न होने के उपरांत निर्वाचन कार्य को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के लिए सभी उपस्थित बीएलओ को आवश्यक किट एवं गणना प्रपत्रों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र के सभी एईआरओ (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी), सैक्टर मजिस्ट्रेट, पदविहीत अधिकारी, सुपरवाइजर तथा बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मुख्य रूप से मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त स्थानीय तहसीलदार, डीएलएमटी व मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मान सिंह, नोडल अधिकारी श्री बृजवाल तथा डॉ. राहुल जोशी सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
