Gurmeet singh chandhok

Haridwar Road Accident: हरिद्वार से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
तेज रफ्तार कार ने मारी बाइक को जबरदस्त टक्कर
जानकारी के अनुसार हादसा लिब्बरहेड़ी गांव के पास गंगनहर पटरी पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपति उछलकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसे में दंपति की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। जैसे ही कार और बाइक की भिड़ंत हुई, बाइक के परखच्चे उड़ गए। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े और खाई में गिरे दंपति को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं मृतक
हादसे की सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकलवाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक दंपति उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वे किसी काम से उत्तराखंड आए थे और वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद चालक फरार
हादसे के बाद आरोपी कार चालक अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल फोन के आधार पर मृतकों की पहचान की पुष्टि की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने गंगनहर पटरी पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
