Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम में महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर की स्वच्छता और स्वास्थ्य मानकों को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि शहर में कोई भी मीट-मांस विक्रेता खुले में मांस का विक्रय नहीं करेगा और सभी विक्रेताओं को अनिवार्य रूप से अपने उत्पाद को ढककर रखना होगा। महापौर ने कहा कि खुले में मीट बिक्री से न केवल स्वच्छता प्रभावित होती है, बल्कि इससे आम जनता के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए और बाजारों में नियमित निरीक्षण किया जाए। नगर निगम प्रशासन ने मीट विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए तीन दिन का समय दिया है, ताकि वे अपनी व्यवस्थाएं सुधार लें। तय समयसीमा के बाद यदि कोई विक्रेता नियमों का उल्लंघन करते पाया गया, तो उसके खिलाफ चालान और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की इस सख्ती से शहर में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
