
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का आगाज होने के बाद से ही भारी संख्या में तीर्थयात्री दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। बता दें अभी तक 2.38 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
2.38 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे चारधाम
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार शनिवार शाम 7 बजे तक 2 लाख 38 हजार 590 तीर्थयात्रियों ने चारों धाम के दर्शन किए।
37 हजार 884 श्रद्धालुओं ने किए बद्रीनाथ धाम के दर्शन
आंकड़ों के मुताबिक बदरीनाथ धाम में कपाट खुलने की तिथि 23 अप्रैल से 25 अप्रैल तक 37 हजार 884 तीर्थयात्री भगवान बद्री-विशाल के दर्शन कर चुके हैं। जबकि शनिवार को ही 13 हजार 107 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
बाबा केदार के दर्शन के लिए उमड़ रही सबसे अधिक भीड़
वहीं इसके अलावा केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि 22 अप्रैल से 25 अप्रैल तक 1 लाख 24 हजार 782 तीर्थयात्री केदारपुरी पहुंचे। शनिवार को ही धाम में 31 हजार 160 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
75 हजार 924 तीर्थयात्रियों ने किए यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के दर्शन
जबकि यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि 19 अप्रैल से 25 अप्रैल तक 75 हजार 924 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। वहीं यमुनोत्री धाम में 38 हजार 206 तीर्थयात्रियों ने और गंगोत्री धाम में 37 हजार 718 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
इस साल अधिक उमड़ रही भक्तों की भीड़
बता दें चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या इस बार पिछले सालों की तुलना में अधिक देखी जा रही है। उत्तराखंड सरकार और पर्यटन विभाग की ओर से यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम का दावा किया गया है।
