



जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत भवन गणना एवं आवास सूचीकरण कार्य 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक जनपद सहित पूरे राज्य में संचालित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य के सफल संचालन हेतु जनपद में जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार 23 से 25 मार्च तक विकास भवन सभागार, चम्पावत में 18 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर राजेंद्र बिष्ट एवं जनगणना निदेशालय से जिला समन्वयक भावेश कुमार द्वारा प्रतिभागियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान आवास सूचीकरण संचालन अनुप्रयोग (एचएलओ ऐप) पर व्यवहारिक अभ्यास (हैंड्स-ऑन) कराया गया तथा फील्ड भ्रमण के माध्यम से वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा किया गया, जबकि अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी द्वारा प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभाग करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि यह देश की 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद 8वीं जनगणना है, जो पहली बार पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपादित की जा रही है। इसके लिए आवास सूचीकरण संचालन अनुप्रयोग (एचएलओ ऐप) एवं जनगणना प्रबंधन एवं अनुश्रवण प्रणाली (सीएमएमएस पोर्टल) का उपयोग किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी।
इस जनगणना की एक विशेष पहल स्व-गणना सुविधा है। इसके अंतर्गत कोई भी नागरिक 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 के मध्य सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकता है। सफलतापूर्वक विवरण प्रस्तुत करने के उपरांत संबंधित परिवार को एक स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक होगा। बाद में जब प्रगणक घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे, तब यह पहचान संख्या प्रस्तुत करनी होगी।
डिजिटल एवं रियल-टाइम आधारित इस जनगणना से प्रक्रिया अधिक सरल, त्वरित एवं विश्वसनीय होगी, जिससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
