दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आए श्रद्धालु नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की हुई थी और सभी लोग मंदिर में दर्शन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कार में आग लग गई।आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी कार इसकी चपेट में आ गई और जलकर पूरी तरह खाक हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।गनीमत रही कि घटना के समय कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। यदि कार में लोग मौजूद होते, तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
