Gurmeet singh chandhok

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार टिप्पर (ट्रक) ने बाइक सवार 11वीं के छात्र को टक्कर मार दी। हादसे में टिप्पर का पिछला टायर छात्र के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान पुरान गांव निवासी विकास कुमार (18) के रूप में हुई है।
हादसा जिले की जाख-पुरान रोड पर थरकोट गांव के पास सुबह करीब साढ़े छह बजे हुआ। बताया जा रहा है कि विकास सुबह वर्कआउट के लिए शहर स्थित जिम गया था और लौटते समय यह दुर्घटना हो गई।
मृतक के ताऊ राम प्रसाद ने बताया कि सुबह छह बजे विकास उनसे मिलने आया था। उन्होंने ठंड अधिक होने के कारण उसे बाहर न जाने की सलाह दी थी, लेकिन विकास ने “गुड मॉर्निंग” कहा और घर से निकल गया। कुछ देर बाद उसके हादसे की सूचना मिली।
विकास के पिता राजेंद्र प्रसाद सीमा सड़क संगठन (BRO) में कार्यरत हैं और वर्तमान में मिजोरम में तैनात हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। विकास की मां सदमे में बेहोश हो गईं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
विकास तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई कार्तिक आठवीं कक्षा में पढ़ता है, जबकि बहन दिया दसवीं की छात्रा है। मकर संक्रांति के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव और स्कूल में शोक की लहर दौड़ गई।
विकास के बायोलॉजी शिक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि वह बेहद सौम्य स्वभाव का और पढ़ाई में होनहार छात्र था। उसके निधन से स्कूल परिवार को गहरा आघात पहुंचा है।
सूचना मिलने पर ऐंचोली चौकी प्रभारी कमलेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को महात्मा गांधी मार्ग स्थित पोस्टमॉर्टम हाउस भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी टिप्पर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। टिप्पर संख्या UK 05 CA 1928 को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।
