Gurmeet singh chandhok

हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और पोता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार गूंज उठी।
जानकारी के अनुसार, हादसा पिरान कलियर थाना क्षेत्र के धनौरी-जसवावाला मार्ग पर सुबह करीब 11 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धनौरी बाजार में सड़क किनारे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी, जिसमें सामान लोड किया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पास से गुजर रही एक बाइक उसकी चपेट में आ गई। हादसा देखकर बाइक सवार घबरा गया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई और उस पर बैठी महिला सड़क पर गिर गई। गिरते ही महिला का सिर पास की नाली में चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बाइक पर महिला अपने बेटे और पोते के साथ बहादराबाद से बाजार की ओर जा रही थी। हादसे में बेटा और पोता भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायलों का उपचार जारी है।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।
