Gurmeet singh chandhok


माल रोड स्थित पिक्चर पैलेस के समीप होटल ड्राइव इन द्वारा सरकारी नाले पर किए गए निर्माण को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। मामले को लेकर संबंधित विभागों पर मिलीभगत के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
एक ओर जहां नगर पालिका अपनी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है, वहीं होटल स्वामी द्वारा नियम-कानूनों को दरकिनार करते हुए बिना स्वीकृति के निर्माण कार्य किए जाने का मामला सामने आया है।
सूचना मिलने पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद प्राधिकरण ने निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाते हुए सीलिंग के आदेश जारी कर दिए।
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया था। बैठक में सरकारी नालों पर अतिक्रमण को गंभीर विषय बताते हुए उप जिलाधिकारी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए थे।
साथ ही बरसात के दौरान संभावित आपदाओं से आम जनता को राहत दिलाने के उद्देश्य से सरकारी नालों से अतिक्रमण हटाने और संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए थे।
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर पालिका की भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल, एमडीडीए और प्रशासन की कार्रवाई के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सरकारी नालों पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ ठोस कदम उठाए जाने की मांग कर रहे हैं।
