
Gurmeet singh chandhok
रुद्रपुर। डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव नामांकन के दौरान हुए बवाल और फायरिंग प्रकरण में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बड़ा कदम उठाते हुए रम्पुरा चौकी इंचार्ज प्रदीप कोहली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। बताया गया कि नामांकन के समय प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों गुटों में मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई। अचानक हुई इस घटना से राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई। जबकि उच्चाधिकारियों ने पहले ही चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए थे।
आईजी कुमाऊं डॉ.रिद्धिम अग्रवाल ने स्पष्ट कहा था कि चुनाव के दौरान किसी प्रकार का बवाल हुआ तो संबंधित थाने और चौकी प्रभारी को जिम्मेदार माना जाएगा। इसके बावजूद रम्पुरा चौकी क्षेत्र में बवाल थम नहीं सका और हालात बिगड़ते चले गए। घटना के बाद एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने सख्ती दिखाते हुए न केवल चौकी इंचार्ज प्रदीप कोहली बल्कि अपर सब इंस्पेक्टर अमित कुमार और कांस्टेबल गणेश धनिक को भी निलंबित कर दिया। एसएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी और पुलिस की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
