Gurmeet singh chandhok

रूद्रपुर । महापौर विकास शर्मा का एक साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में गांधी पार्क में आयोजित होने वाले यूएस नगर कार्निवल सरस मेला और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। महापौर विकास शर्मा ने नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डेय, नगर निगम की टीम और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम स्थल का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान महापौर ने अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दस दिवसीय इस आयोजन को भव्य और दिव्य बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने तैयारियों में जुटे अमरनाथ जी सेवा मंडल के पदाधिकारियों के साथ भी विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान महापौर विकास शर्मा ने बताया कि 14 फरवरी को उनके कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गांधी पार्क में दस दिवसीय यूएस नगर कार्निवल सरस मेला शुरू होने जा रहा है। इस महोत्सव का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री रुद्रपुर के विकास के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री सबसे पहले इंदिरा चौक पर नवनिर्मित त्रिशूल का लोकार्पण करेंगे और उसके पश्चात वह एक विशाल शिव बारात के साथ गांधी पार्क पहुंचेंगे, जहां वह विशाल जनसमूह को संबोधित करेंगे।
महोत्सव के पहले दिन शाम को गांधी पार्क में श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल की ओर से आयोजित होने वाले विशाल श्री शिव जागरण का शुभारंभ भी मुख्यमंत्री द्वारा ज्योति प्रज्वलित कर किया जाएगा। 14 फरवरी से 23 फरवरी तक चलने वाले इस कार्निवल में प्रतिदिन शाम को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी, जिसमें कई नामचीन कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के अध्यक्ष अजय चड्डा, राजन राठौर, अमित अरोरा बॉबी, करुण गुप्ता, विवेकदीप सिंह सहित नगर निगम के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे
