Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी – पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति ठप होने से शहर का स्ट्रीट फूड और होटल-रेस्टोरेंट कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो गया है। सिलेंडर न मिलने से होटल-रेस्टोरेंट संचालकों ने अपने मेनू कार्ड से लगभग 70 प्रतिशत फूड आइटम हटा दिए हैं, वहीं सैकड़ों ठेले-फड़ भी बंद हो गए हैं।
नगर निगम के अनुसार शहर में 1873 स्ट्रीट वेंडर्स पंजीकृत हैं, जबकि वास्तविक संख्या चार हजार से अधिक बताई जाती है। इनमें से करीब 1200 वेंडर्स स्ट्रीट फूड परोसते हैं। मंगलवार से व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति बंद होने के कारण इन वेंडर्स का कामकाज प्रभावित हो गया है। निगम ने भी सभी स्ट्रीट वेंडर्स को घर से तैयार भोजन लाकर बेचने के निर्देश दिए हैं और ठेलों पर खाना बनाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। स्ट्रीट फूड विक्रेता हरीश बिष्ट और मोहन चंद्र भट्ट ने बताया कि व्यावसायिक सिलेंडर न मिलने के कारण बुधवार को पांच सौ से अधिक ठेले वालों को अपना कारोबार बंद करना पड़ा।
फूड कोर्ट और चौपाटी भी सूनी –
नगर निगम की पहल पर हाल के दिनों में शहर के कई निजी भूखंडों पर चौपाटी और फूड कोर्ट विकसित किए गए थे, जहां बड़ी संख्या में वेंडर्स भोजन परोसते थे। हल्द्वानी से काठगोदाम तक इन स्थानों पर पहले काफी चहल-पहल रहती थी, लेकिन बुधवार शाम अधिकांश चौपाटी और फूड कोर्ट में खाद्य सामग्री बेचने वाले ठेले बंद मिले।
होटल-रेस्टोरेंट संचालकों की बढ़ी परेशानी –
व्यावसायिक सिलेंडर की कमी से होटल और रेस्तरां संचालक भी परेशान हैं। गैस खत्म होने के कारण उन्होंने अपने मेनू से मोमो, चाइनीज फूड समेत लगभग 70 प्रतिशत आइटम हटा दिए हैं। संचालकों का कहना है कि इन व्यंजनों को बनाने के लिए तेज आंच की जरूरत होती है, जो इंडक्शन या माइक्रोवेव में संभव नहीं है। डीजल बर्नर पर इन्हें बनाने से लागत काफी बढ़ जाती है। स्थिति से निपटने के लिए कई होटल संचालक तंदूर की संख्या बढ़ा रहे हैं, जबकि कुछ लोग इंडक्शन चूल्हा, माइक्रोवेव और डीजल बर्नर का सहारा ले रहे हैं।
निगम का निर्देश –
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति बंद होने के बाद सभी स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को घर से खाना बनाकर लाने के निर्देश दिए गए हैं। जिन दुकानदारों के पास कुकिंग गैस उपलब्ध नहीं है, उन्हें फिलहाल अपनी दुकान बंद रखनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सिलेंडरों की आपूर्ति बहाल होते ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
