दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
हल्द्वानी से हरिद्वार–देहरादून जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की एक रोडवेज बस गुरुवार को बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। यह दुर्घटना रामनगर के समीप हल्द्वानी–रामनगर राज्य मार्ग पर बेलगड़ क्षेत्र के पास उस समय हुई, जब बस चालक ने अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कच्चे हिस्से में धंस गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस संख्या UK04 PA 1681 हल्द्वानी से देहरादून की ओर जा रही थी। बस में उस समय करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। बेलगड़ क्षेत्र के पास अचानक एक बाइक सामने आ जाने पर चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर बस को मोड़ने की कोशिश की, जिससे बस सड़क के किनारे धंस गई और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।हादसे में 6 से 7 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों और अन्य यात्रियों की मदद से बस से सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ यात्रियों को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि किसी भी यात्री की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है राहत की बात यह रही कि बस पलटने से बच गई, अन्यथा बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराने में मदद की। बस को सड़क से हटाने के दौरान कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।यात्रियों ने बस चालक की सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि यदि चालक ने समय रहते बाइक सवार को बचाने का प्रयास न किया होता, तो दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी। यह घटना पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन संचालन के दौरान अतिरिक्त सतर्कता और सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करती है गौरतलब है कि उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। एक ओर मैदानी क्षेत्रों में कोहरे, तो दूसरी ओर पर्वतीय इलाकों में पाले के कारण सड़क हादसों का खतरा बना हुआ है। ऐसे में वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
