

*पोर्टल निस्तारण नहीं, शिकायतकर्ता की संतुष्टि हो प्राथमिकता: जिलाधिकारी*
रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
जनपद में नागरिकों को समयबद्ध एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने तथा शिकायत निवारण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जिला सभागार में सेवा का अधिकार एवं सीएम हेल्पलाइन 1905 की विस्तृत विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की प्रगति, प्राप्त शिकायतों, लंबित प्रकरणों तथा उनके निस्तारण की गुणवत्ता की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर पेंडेंसी (लंबित प्रकरण) नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग निर्धारित समयसीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें तथा नियमित रूप से अपने स्तर पर मॉनिटरिंग करें।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान हो और वह पूरी तरह संतुष्ट भी हो।
उन्होंने विभागवार समीक्षा करते हुए राजस्व, पुलिस, नगर निकाय, जल संस्थान, जल निगम, ऊर्जा (यूपीसीएल), स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग एवं समाज कल्याण सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
भूमि, सीमांकन, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, सड़क मरम्मत, स्वच्छता, चिकित्सा सेवाएं, पेंशन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण इस प्रकार किया जाए कि शिकायतकर्ता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा उसे समाधान की स्पष्ट जानकारी प्राप्त हो। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, अनावश्यक विलंब या केवल औपचारिकता निभाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान, एसडीओ फॉरेस्ट सुनील कुमार, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट, ईई यूपीसीएल विजय सकारिया सहित अन्य उपस्थित रहे।
