





*जिलाधिकारी ने ट्रेजरी का किया आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश*
रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
जनपद मुख्यालय स्थित ट्रेजरी कार्यालय का जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय की समग्र व्यवस्थाओं, अभिलेख रखरखाव तथा कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका का परीक्षण करते हुए कार्मिकों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लेटर इन–आउट रजिस्टर की स्थिति की भी समीक्षा की तथा पुराने एवं अनुपयोगी सामग्रियों को नियमानुसार शीघ्र राइट ऑफ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कार्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने साफ-सफाई को और बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने गार्ड रूम में गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक सुविधाएँ मिल सकें।
वित्तीय कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बिल पासिंग में अनावश्यक विलंब पर नाराजगी व्यक्त की तथा स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी देयकों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए, ताकि विभागीय कार्यों में गति बनी रहे।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रेजरी जनपद की वित्तीय व्यवस्था का प्रमुख केंद्र है, अतः इसकी कार्यप्रणाली को और अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं प्रभावी बनाना सभी का सामूहिक दायित्व है।
इस अवसर पर ट्रेज़री अधिकारी मयंक सक्सेना सहित ट्रेजरी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
