
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल में हर साल लाखों पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिले में बड़ी संख्या में होटल, रिजॉर्ट और होमस्टे संचालित हो रहे हैं। लेकिन अब प्रशासन ने उन होमस्टे पर सख्ती शुरू कर दी है जो बिना जरूरी दस्तावेजों और नियमों का पालन किए संचालित हो रहे थे।
नैनीताल में 31 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त
पर्यटन विकास विभाग की जांच में कई होमस्टे में अनियमितताएं सामने आने के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग ने जनपद के 31 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि बिना पंजीकरण के होमस्टे संचालित पाए गए तो उन्हें सील कर दिया जाएगा।
दस्तावेज पूरे नहीं होने पर लिया एक्शन
नैनीताल के डीएम ललित मोहन रयाल ने बताया कि नैनीताल, रामनगर, रामगढ़, मुक्तेश्वर और भीमताल क्षेत्र में संचालित कई होमस्टे की जांच की गई। जांच के दौरान कई संचालकों के पास जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं मिले और कई जगह नियमों की अनदेखी भी पाई गई। कुछ होमस्टे का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था, जो नियमों के खिलाफ है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई: DM
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि पर्यटन विभाग आगे भी ऐसे होमस्टे की जांच जारी रखेगा। यदि कोई भी होमस्टे बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित होता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सील किया जाएगा।
