




रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्य तिथि (शहीद दिवस) के अवसर पर माय भारत चम्पावत द्वारा चमदेवल स्थित शिशु मंदिर परिसर में देशभक्ति और संस्कारों से ओतप्रोत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना तथा गांधीजी के आदर्शों — सत्य, अहिंसा और सद्भाव — को जनमानस तक पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आशा कार्यकर्ता श्रीमती नेहा धौनी तथा ग्राम प्रधान चमदेवल श्रीमती नीतू धौनी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। अतिथियों ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधनों में बच्चों को गांधीजी के जीवन मूल्यों को अपनाने और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर खेल एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया, जिसमें पवन सिंह ने प्रथम, सुजल सिंह ने द्वितीय तथा अनुज सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके उपरांत भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने महात्मा गांधी जी के विचारों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में अंजली ने प्रथम, जिया ने द्वितीय तथा करिश्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम ने उपस्थित बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह का संचार किया तथा गांधीजी के सिद्धांतों को स्मरण करने का प्रेरक अवसर प्रदान किया।
