








रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत पाटी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पाटी में एक व्यापक बहुउद्देश्यीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई, प्रमाण पत्र वितरित किए गए, शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिनमें से अधिकांश का समाधान स्थल पर ही कर दिया गया तथा शेष मामलों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम झुडेली की श्रीमती ममता को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने हेतु खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया, पाटी निवासी दीपक गहतोड़ी के अनुरोध पर जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए चैन लिंक फेंसिंग लगाने हेतु कृषि एवं उद्यान विभाग को कार्रवाई करने को कहा गया, ग्राम कोटना के श्री रमी राम की विद्युत लाइन संबंधी समस्या पर अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ग्राम ढरौज की श्रीमती लक्ष्मी देवी की सोलर स्ट्रीट लाइट की मांग पर उरेड़ा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया तथा होली पिपलाटी के नवीन चंद्र की सिंचाई गूल मरम्मत की मांग पर लघु सिंचाई विभाग को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त राशन, भू-कटाव रोकथाम, आवासीय व्यवस्था, पेयजल टैंक निर्माण, सड़क किनारे झाड़ी कटान सहित अनेक समस्याएं भी नागरिकों द्वारा रखी गईं, जिन पर संबंधित विभागों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिविर में 600 से अधिक नागरिकों ने प्रतिभाग किया तथा राजस्व विभाग द्वारा 42, ग्राम्य विकास 16, पंचायती राज 05, कृषि विभाग 20, उद्यान विभाग 60, समाज कल्याण विभाग 05, पूर्ति विभाग 15, श्रम विभाग 24, स्वास्थ्य विभाग 151, आयुष एवं होमियोपैथी विभाग 128 तथा पशुपालन विभाग 94 सहित कुल 509 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा 116 प्रमाण पत्र बनाकर वितरित किए गए, 25 लोगों के आधार पंजीकरण/संशोधन तथा समान नागरिक संहिता के अंतर्गत पंजीकरण किए गए और प्राप्त 75 शिकायतों में से 64 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सामूहिक बालिका जन्मोत्सव भी मनाया गया।
शिविर में माननीय विधायक लोहाघाट श्री खुशाल सिंह अधिकारी, उपजिलाधिकारी नीतू डागर, जिला विकास अधिकारी दिनेश डिगारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, अधिशासी अधिकारी कमल मेहता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
