
सचिवालय स्थित एफआरडीसी सभागार में आयोजित बैठक में पीआरडी स्वयंसेवकों के प्रतिनिधियों के साथ मंत्री रेखा आर्या ने विभिन्न मांगों पर विस्तृत चर्चा की। मंत्री से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर पीआरडी जवान धरना प्रदर्शन खत्म करने पर राजी हो गए हैं।
PRD जवानों ने ख़त्म किया अपना धरना
बैठक में पीआरडी जवानों ने प्रमुख रूप से वर्षभर (365 दिन) रोजगार सुनिश्चित करने और होमगार्ड के समान मानदेय और डीए दिए जाने की मांग उठाई। मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दोनों मांगों के संबंध में जल्द प्रस्ताव तैयार कर उसे कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि इन पर उचित निर्णय लिया जा सके। मंत्री के आश्वासन के बाद पीआरडी जवानों के प्रतिनिधियों ने अपना धरना-प्रदर्शन खत्म करने की सहमति जताई।
खिलाड़ियों को मिलने वाली सरकारी नौकरी की प्रक्रिया में लाई जाए तेजी: मंत्री
इसके अलावा बैठक में खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी दिए जाने के विषय पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि खिलाड़ियों को विभाग में आउट ऑफ टर्न जॉब देने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। साथ ही प्रस्तावित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में इसी साल से कक्षाएं शुरू करने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया तेज करने, 142 पदों के सृजन और भूमि संबंधी लंबित मामलों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
