Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी: कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कारोबारी नरेश चंद्र तिवारी की मौत हो गई। घटना नवाबी रोड चौराहे के पास की बताई जा रही है, जहां वह सड़क पार कर रहे थे तभी एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि ई-रिक्शा तेज गति से आता है और सड़क पार कर रहे नरेश चंद्र तिवारी को जोरदार टक्कर मार देता है। टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए बेस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पत्नी मीना पांडे हल्द्वानी एलआईयू में तैनात बताई जा रही हैं। इस मामले में एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही फरार ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे कर रही है।
