








*जनता मिलन कार्यक्रम में दर्ज हुई 55 शिकायतें, अधिकारियों को मिले आवश्यक दिशा निर्देश*
रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज कराईं।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान कुल 55 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें पेयजल, कृषि, विद्युत, आवास, सामाजिक कल्याण एवं राजस्व से संबंधित मामले प्रमुख रहे।
ग्राम डुंगरासेठी की श्रीमती प्रियंका चौधरी की पेयजल समस्या पर जल संस्थान को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए। ग्राम धामीसौन के श्री हिमांशु कठायत द्वारा फसल सुरक्षा हेतु दीवार एवं घेरबाड़ की मांग पर कृषि विभाग को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।
मादली क्षेत्र की श्रीमती सुनीता देवी द्वारा सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की मांग पर संबंधित विभाग को शीघ्र कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।
पाटी निवासी श्री मथुरादत्त जी की प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से संबंधित प्रकरण पर विकासखंड पाटी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम जमरसौ की हेमा द्वारा नंदा गौरा कन्या धन योजना से वंचित रहने की शिकायत पर जिला प्रोबेशन अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। ग्राम रीठा बड़ोली के श्री जयदत्त की भूमि संबंधी समस्या पर राजस्व विभाग को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त श्री बद्री सिंह, दीवान सिंह, इंद्रा देवी, भरत टम्टा, नेहा महरा, सुनीता देवी, कलावती देवी, कैलाश राय, दीपक गिरि सहित अन्य फरियादियों की शिकायतें भी दर्ज कर संबंधित विभागों को प्रेषित की गईं।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही त्वरित रूप से किया जा सके, तथा शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी सदर श्री अनुराग आर्या, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मेहरबान सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।
