








रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में जिला पंचायत द्वारा सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मुख्य मंदिर परिसर तथा संपूर्ण मंदिर मार्ग पर वृहद स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। तीर्थयात्रियों की सुविधा, स्वच्छ वातावरण और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए यह अभियान विशेष रूप से संचालित किया गया।
जिलाधिकारी द्वारा मां पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, जिसके क्रम में जिला पंचायत की टीमों ने मुख्य मंदिर परिसर से लेकर पैदल मार्ग के विभिन्न पड़ावों तक गहन सफाई कार्य किया।
इस दौरान मुख्य मंदिर परिसर, ठुलीगाड़, भैरव मंदिर मार्ग तथा विभिन्न विश्राम स्थलों के आसपास जमा कूड़ा-करकट एवं प्लास्टिक अपशिष्ट का व्यवस्थित रूप से संकलन एवं निस्तारण किया गया, जिससे सम्पूर्ण मार्ग को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाया जा सके।
इसके अतिरिक्त स्वच्छता के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर मार्ग एवं प्रमुख स्थलों पर चुना (चूना) का छिड़काव भी कराया गया, जिससे संक्रमण की आशंका को कम किया जा सके तथा वातावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखा जा सके।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि “मां पूर्णागिरि धाम श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, ऐसे में यहां स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिला पंचायत द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया है कि यात्रा सीजन के दृष्टिगत सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त संसाधन भी लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम यात्रा अनुभव प्राप्त हो।
