


रिपोर्टर महेन्द्र सिंह बिष्ट
संविधान दिवस के अवसर पर आज जनपद चम्पावत में विभिन्न कार्यालयों, संस्थानों, विभागों, शैक्षिक परिसरों एवं संगठनात्मक इकाइयों में भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन/पाठ किया गया।
जिला मुख्यालय स्थित जिला सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहाँ जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्वयं उद्देशिका का वाचन कर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को संविधान के प्रति निष्ठा, समर्पण एवं कर्तव्य पालन की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों, न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व की भावना को जीवन और कार्य शैली में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान सिर्फ एक दस्तावेज नहीं, बल्कि समावेशी, सशक्त और प्रगतिशील भारत की आधारशिला है।
जिला सभागार कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मेहरबान सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जिले के अन्य कार्यालयों, विकासखंड मुख्यालयों, विद्यालयों तथा संस्थानों में भी गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में संविधान की उद्देशिका का वाचन किया गया और संविधान दिवस मनाया गया।
