
देहरादून में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के चलते जाम की समस्या अब आम हो चुकी है। शहर की सड़कों पर दिनभर लगने वाले जाम से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे अवैध पार्किंग इस समस्या की सबसे बड़ी वजह बनती जा रही है, लेकिन अब पुलिस ने इस पर सख्त कदम उठाने की तैयारी कर ली है।
देहरादून के ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए SSP ने बनाया बड़ा प्लान
दरअसल, देहरादून में कई एसएसपी आए और गए, सभी ने अपने-अपने स्तर पर ट्रैफिक सुधार के प्रयास किए, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में खास सुधार देखने को नहीं मिला। अब नए एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल को पदभार संभाले करीब एक महीना हो चुका है और उन्होंने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एक बड़ा प्लान तैयार किया है।
शहर में बनेंगे 6 ट्रैफिक स्टेशन
इस योजना के तहत देहरादून को 6 ट्रैफिक स्टेशनों में बांटा जाएगा। इनमें से 4 ट्रैफिक स्टेशन देहरादून शहर में, जबकि 1 ऋषिकेश और 1 विकासनगर में स्थापित किया जाएगा। हर ट्रैफिक स्टेशन पर एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर की तैनाती होगी, जो अपने क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था को मौके पर ही संभालेगा। इससे न सिर्फ ट्रैफिक मैनेजमेंट मजबूत होगा, बल्कि समस्याओं का समाधान भी तेजी से किया जा सकेगा।
गलत पार्किंग पर बढ़ाई जाएगी सख्ती
शहर में गलत पार्किंग पर भी अब सख्ती बढ़ाई जाएगी। देहरादून पुलिस टोइंग व्यवस्था को मजबूत करने जा रही है। फिलहाल 9 टोइंग वैन काम कर रही हैं, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़ाकर 20 की जाएगी। इन वैनों को सभी 6 ट्रैफिक स्टेशनों में तैनात किया जाएगा, ताकि नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर तुरंत कार्रवाई हो सके। इसके अलावा चालान से लेकर समन तक की पूरी कार्रवाई भी इन्हीं ट्रैफिक स्टेशनों से की जाएगी, जिससे प्रक्रिया और तेज हो जाएगी
