
सोमवार से कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर कम रहेगा
नैनीताल में वर्षा या बर्फबारी की संभावना नहीं है
जलवायु परिवर्तन से नैनीताल के मौसम पर बड़ा प्रभाव
नैनीताल। मौसम को लेकर अगले कुछ दिन शांत और सुहावने रहने जा रहे हैं। सोमवार से सक्रिय होने जा रहा पश्चिमी विक्षोभ मौसम पर खास असर नहीं डाल पाएगा। नैनीताल में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बादलों तक सिमटकर रह जाएगा। जलवायु परिवर्तन का बड़ा असर नैनीताल के मौसम में देखने को मिल रहा है।
आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान एरीज के वरिष्ठ वायुमंडलीय विज्ञानी डा नरेंद्र सिंह ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम खासा प्रभावित रहने लगा है। जिसका बड़ा असर नैनीताल में देखने को मिल रहा है। सोमवार को प्रदेश में दस्तक देने जा रहा पश्चिमी विक्षोभ के असर से यह नगर अछूता रहेगा। लिहाजा बर्फबारी की उम्मीद तो दूर वर्षा की उम्मीद नहीं की जा सकती है।
यह पश्चिमी विक्षोभ कमजोर है, जो उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की बारिश के रूप में नजर आने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान कम होने जा कारण बर्फबारी की उम्मीद की जा सकती है। मगर वह भी हल्की ही होगी। यह विक्षोभ बुधवार तक सक्रिय रहने जा रहा है। अब इसके बाद आने वाले अगले पश्चिमी विक्षोभ पर नजर रहेगी, जो संभवतः बारिश को लेकर प्रभावी हो।
मौसम अपडेट:
अल्मोड़ा में आंशिक बादलों के बीच धूप खिली है। घाटी क्षेत्रों में कोहरा।
चंपावत में धूप खिली है।
बागेश्वर में कोहरा छाया।
नैनीताल में हल्के बादलों के बीच खिली धूप।
पिथौरागढ़ में हल्के बादलों के बीच धूप निकली।
रुद्रपुर में कोहरा छाया हुआ है।
रानीखेत व आसपास धूप खिली है।
मस्त रहा नैनीताल का मौसम
नैनीताल: सरोवर नगरी में शुक्रवार को मौसम मस्त रहा। धूप पूरे दिन खिली। तापमान के तेवर उछाल पर रहे तो ठंड का एहसास जाता रहा। बादल का अंश भी आसमान में नजर नहीं आया। आसमान का रंग पूरे दिन नीला बना रहा। इस बीच विभिन्न नगरों से नगर भ्रमण पर आए सैलानियों को मौसम का मिजाज भा गया और मौसम के साथ नगर के पर्यटन स्थलों की सैर की। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया।
पर्यटकों की आमद सामान्य
नैनीताल: शहर में वीकेंड पर पर्यटकों की आमद सामान्य रही। गणतंत्र दिवस पर वीकेंड पर दो दिन तक खासी भीड़ रही और होटल-गेस्ट हाउस पैक रहे थे लेकिन इस वीकेंड पर होटलों में 10 से 30 प्रतिशत कमरे ही बुक हुए। गेस्ट हाउस संचालक राज कुंवर सहित अन्य के अनुसार शनिवार को पर्यटकों की आमद बढ़ सकती है।
