Gurmeet singh chandhok

हल्द्वानी। विद्यालयों के संचालन के लिए जारी नई समय सारणी का विरोध तेज हो गया है। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संगठन, नैनीताल के पूर्व जिला मंत्री डिगर सिंह पणियार ने इसे अव्यावहारिक बताते हुए तत्काल प्रभाव से पूर्व की व्यवस्था को यथावत रखने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए नई समय सारणी छात्र, विद्यालय और अभिभावकों के हित में नहीं है। पहाड़ी क्षेत्रों में दूरी, परिवहन और मौसम जैसी चुनौतियों के बीच इस प्रकार का निर्णय व्यवहारिक नहीं माना जा सकता। पूर्व में भी विभाग और शासन द्वारा समय सारणी को लेकर सुझाव मांगे गए थे, जिसमें अधिकांश शिक्षकों और संबंधित पक्षों ने पुरानी समय सारणी को बनाए रखने की बात कही थी। बावजूद इसके सुझावों को नजरअंदाज कर नई समय सारणी लागू कर दी गई, जो उचित नहीं है।
उन्होंने शासन से पुनर्विचार की मांग करते हुए कहा कि छात्र, विद्यालय और समुदाय के हित को ध्यान में रखते हुए पूर्व से संचालित समय सारणी को ही जारी रखा जाए
