
उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी नंदा गौरा योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश की 33,251 बालिकाओं को कुल 145.93 करोड़ की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजी गई। गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों को यह सहायता प्रदान की गई।
नंदा गौरा योजना का पैसा जारी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नंदा गौरा योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन का सशक्त अभियान है। वहीं मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। वर्ष 2017 से संचालित यह योजना बालिका जन्म को प्रोत्साहित करने, संस्थागत प्रसव बढ़ाने, बाल विवाह पर रोक लगाने और बेटियों की उच्च शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी साबित हुई है।
कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार: मंत्री
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि योजना के तहत बालिका के जन्म पर 11 हजार रुपए तथा 12वीं उत्तीर्ण कर उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने पर 51 हजार रुपए की सहायता दी जाती है, जिससे बेटियां आत्मनिर्भर बन सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज में लैंगिक असमानता दूर करने और कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। नंदा गौरा योजना इसी सोच का परिणाम है, जो बेटियों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही है।
किस जिले में कितने लाभार्थी
| जनपद | जन्म पर लाभार्थी | 12वीं उत्तीर्ण लाभार्थी |
| अल्मोड़ा | 643 | 2963 |
| बागेश्वर | 240 | 1167 |
| चमोली | 196 | 1761 |
| चम्पावत | 285 | 1410 |
| देहरादून | 678 | 2637 |
| नैनीताल | 1012 | 3196 |
| पौड़ी | 227 | 1990 |
| पिथौरागढ़ | 243 | 1936 |
| रुद्रप्रयाग | 172 | 1235 |
| टिहरी | 485 | 2775 |
| ऊधमसिंहनगर | 1372 | 4772 |
| उत्तरकाशी | 360 | 1496 |
किस जिले में कितने लाभार्थी
