Gurmeet singh chandhok

उधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक कलह ने खूनी रूप ले लिया। बहु ने अपने मायके वालों के साथ मिलकर अपनी सास की जान ले ली। वहीं महिला का पति भी गंभीर घायल है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
बहु ने मायके वालों के साथ मिलकर ली सास की जान
मिली जानकारी के अनुसार, प्रसेनजीत शाह का विवाह चार साल पहले पूर्व काशीपुर निवासी सुरभि से हुआ था। शादी के बाद से ही दंपति के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बीती रात मामूली कहासुनी ने अचानक उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि सुरभि ने अपने मायके से पांच लोगों को घर बुलाया।
मारपीट में पति घायल
कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि मायके पक्ष के लोगों ने प्रसेनजीत और उनकी वृद्ध मां संध्या शाह के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने बेरहमी से हमला किया, जिससे संध्या शाह (70) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रसेनजीत भी गंभीर रूप से घायल हो गए
सुरभि समेत छह लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस क्षेत्राधिकारी दौलत राम वर्मा ने मामले को लेकर बताया कि पारिवारिक विवाद में मारपीट की सूचना मिली थी, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मृत्यु हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुरभि समेत छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। मामले की जांच जारी है
