
उधम सिंह नगर जिले में एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां पर चलती रोडवेज बस पर कुछ अज्ञात युवकों ने पथराव कर दिया। बताया जा रहा है कि युवकों ने बस का पीछा कर हमला किया। इस घटना से बस के अंदर सवाल लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल हो गया। तो वहीं बस का ड्राइवर इस दौरान घायल हो गया। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
चलती रोडवेज बस पर बदमाशों ने किया पथराव
दरअसल ये पूरा मामला गदरपुर और केलाखेड़ा के बीच नेशनल हाईवे का है। एक रोडवेज बस टनकपुर से हरिद्वार जा रही थी। उसी बीच बस पर पथरों से हमला किया गया। कहा जा रहा है कि ओवरटेक को लेकर बस चालक और युवकों के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि बाइस सवार अज्ञात युवकों ने बस का पीछा करना शुरू कर दिया। बस पर पथराव किया गया। जिसमें चालक घायल हो गया। इस घटना से यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई।
डंडों से तोड़े शीशे, मचा हड़कंप
चीनी मिल के पास ही युवकों ने चलती बस पर ना सिर्फ पथराव किया बल्कि डंडों से हमला कर बस के शीशे भी तोड़ दिए। इस हमले से माहौल तनावपूर्ण हो गया। अचानक हुए इस हमले के बीच बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सीधे दोराहा चौकी तक पहुंचाया। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल
इस घटना को यात्रियों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
