Gurmeet singh chandhok

रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की प्रसारित आडियो को लेकर दर्ज प्राथमिकी के बाद अब पुलिस उसकी जांच कराने जा रही है। इसके लिए प्रसारित आडियो की वाइस सैंपलिंग के साथ ही उसे किस इलेक्ट्रानिक डिवाइस से रिकार्ड किया जाएगा, इसका भी पता लगाएगी। इसके लिए एसएसपी ने रुद्रपुर कोतवाल को निर्देश दिए हैं।मंगलवार को पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा महिला कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। उनका आरोप था कि इंटरनेट मीडिया में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और उनके साथियों का आपसी वार्तालाप का आडियो प्रसारित हुआ था। आडियो में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल उनके चरित्र पर अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए लांछन लगा रहे हैं, साथ ही उनके पति के विरुद्ध भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। इससे वह और उनके पति सदमे में हैं।
पुलिस ने एसडीएम मनीष बिष्ट के आश्वासन के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर ली थी। साथ ही जांच शुरू कर दी थी। जांच को आगे बढ़ाते हुए अब पुलिस प्रसारित आडियो की वाइस की जांच कराएगी, साथ ही रिकार्डिंग किस इलेक्ट्रानिक डिवाइस से किया जाएगा, इसका भी जांच शुरू कर रही है।
कार्रवाई की मांग को लेकर फिर एसएसपी से मिलीं मीना शर्मा
रुद्रपुर : पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पर प्राथमिकी पंजीकृत होने के बाद शुक्रवार को पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा पति अनिल शर्मा के साथ एसएसपी मणिकांत मिश्रा से मिलीं। उन्होंने कहा कि 27 जनवरी को धरने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत की। जल्द से जल्द मामले में कार्रवाई की जाए। वाइस सैंपलिंग की भी कार्रवाई की जाए। ताकि पता लगाया जा सके कि वह कौन हैं। साथ ही जिस मोबाइल या इलेक्ट्रानिक डिवाइस से रिकार्डिंग की गई और वहां कौन कौन लोग मौजूद थे, उनका पता लगाया जाए। इस पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जल्द ही जांच का आश्वासन दिया।
