Gurmeet singh chandhok

मुंबई की डांस पार्टी का जिक्र कर खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर चर्चाओं में आ गए हैं। आरोप- प्रत्यारोप के बाद जब महेंद्र भट्ट का नाम भी सामने आया तो वो अचानक चैंपियन के घर पहुंच गए। हलांकि दोनों ही नेताओं ने मुलाकात को पारिवारिक बताया है। लेकिन राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं।
कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के आवास पर पहुंचे महेंद्र भट्ट
मुंबई डांस पार्टी का जिक्र कर चर्चा में आए पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के लंढौरा स्थित रंगमहल पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पहुंचकर सबको चौंका दिया है। इस मुलाकात का खुलासा खुद चैंपियन ने किया है। चैंपियन ने सोशल मीडिया पर भट्ट के साथ मुलाकात की फोटो पोस्ट की है। हलांकि उन्होंने और प्रदेश अध्यक्ष ने मुलाकात को पारिवारिक बताया है।
गोदियाल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पाले में डाल दी गेंद
बता दें कुछ दिन पहले चैंपियन ने मुंबई की एक पार्टी का जिक्र किया था। जिसमें उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का नाम लेते हुए बताया था कि गोदियाल ने मुंबई के क्लब में पार्टी दी थी। जिसमें बार बालाएं भी मौजूद थी। चैंपियन की इस टिप्पणी पर गोदियाल ने रिएक्शन देते हुए गेंद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पाले में डाल दी।
चैंपियन के घर पहुंचे महेंद्र भट्ट
गोदियाल ने कहा था कि उस पार्टी में महेंद्र भट्ट भी मौजूद थे। गोदियाल की इस टिप्पणी के बाद कहा जा रहा था कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष असहज महसूस कर रहे थे और अचानक वो चैंपियन से मिलने उनके आवास पहुंचे और चैंपियन की ओर से दी गई टिप्पणी पर नाराजगी जताई।
महेंद्र भट्ट ने दी सफाई
हालांकि इस मुलाकात को लेकर महेंद्र भट्ट ने सफाई दी है। भट्ट ने कहा देहरादून में प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में रानी देवयानी को शामिल होना था लेकिन वे नहीं पहुंची तो जानकारी ली गई। जिस पर उन्होंने बताया था कि उनकी तबीयत खराब होने के चलते कार्यक्रम में नहीं पहुंच सकी। इसीलिए पार्टी कार्यकर्ता और पारिवारिक रिश्तों के नाते वे मिलने गए थे।
